नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) त्योहारी मौसम और जीएसटी में राहत के इंतजार में अगस्त में ग्राहकों ने अपनी खरीद टाल दी जिससे वाहनों की खुदरा बिक्री में सुस्ती देखी गयी।
वाहन डीलरों के महासंघ (फाडा) के सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अगस्त में यात्री वाहनों (कार, एसयूवी और वैन) की बिक्री अगस्त 2024 के मुकाबले मात्र 0.93 प्रतिशत बढ़ी और कुल बिक्री 3,23,256 इकाई रही। दुपहिया वाहनों में भी 2.18 फीसदी की मामूली तेजी देखी गयी और कुल 13,73,775 वाहन बिके। वाहनों की कुल बिक्री 2.84 फीसदी बढ़कर 19,64,547 इकाई रही।
फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विघ्नेश्वर बताया कि 15 अगस्त को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों की प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी खरीद टाल दी। हालांकि डीलरों के पास पूछताछ काफी आयी, लेकिन वह बिक्री में पूरी तरह से नहीं बदल सकी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि 22 सितंबर को जीएसटी सुधारों के लागू होने के बाद बड़ी संख्या में ग्राहक खरीद करेंगे।
अगस्त में तिपहिया वाहनों की बिक्री एक साल पहले के मुकाबले 2.26 प्रतिशत घट गयी। वहीं, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 8.55 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गयी। अच्छे मानसून के कारण ट्रैक्टरों की बिक्री में 30.14 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल आया।
फाडा का कहना है कि निकट भविष्य में सितंबर में त्योहारी मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। अच्छी विकास दर, कम मुद्रास्फीति और अर्थव्यवस्था में स्थिरता मांग को गति प्रदान कर रही है। उसने बताया कि जीएसटी सुधार वाहन उद्योग के लिए गेम चेंजर साबित होंगे।
उसने कहा कि सितंबर में दो तरह की तस्वीरें देखने को मिलेंगी। जीएसटी सुधारों के लागू होने से पहले खरीद में सुस्ती रहेगी जबकि 22 सितंबर से इसमें जबरदस्त तेजी आयेगी।

