
उज्जैन। प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था द्वारा संस्कृति मंत्रालय नई दिल्ली, संस्कृति संचालनालय म.प्र., आईसीसीआर नई दिल्ली, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं विक्रम विश्वविद्यालय के सहयोग से 8 दिवसीय अखिल भारतीय संजा लोकोत्सव का भव्य आगाज हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कालिदास अकादमी के अभिरंग नाटक गृह में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संस्कार भारती के राष्ट्रीय नाट्य विधा सह प्रमुख श्रीपाद जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी आनंद शर्मा एवं कृष्णा वर्मा की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों का स्वागत डॉ. शिव चौरसिया, कुमार किशन, प्रवीण चतुर्वेदी एवं सिद्धार्थ भागचंदानी ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा निदेशक डॉ. पल्लवी किशन ने प्रस्तुत की और संचालन शेफाली चतुर्वेदी ने किया।
पहले दिन सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य और एकल लोकनृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें उज्जैन और आसपास के लगभग 450 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में लोकगीत हेतु कृष्णा वर्मा, माधव तिवारी, उज्ज्वला दुबे तथा लोकनृत्य हेतु प्रमोद मेहता (इंदौर), संजय महाजन (बड़वाह) और सीमा शर्मा (नागदा) शामिल रहे।
दूसरे दिन 8 सितंबर को कालिदास कन्या महाविद्यालय देवास गेट पर “संजा एवं मांडना” विषय पर लेक्चर-डेमोंसट्रेशन होगा। इसमें डॉ. शिव चौरसिया, डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा और डॉ. पल्लवी किशन विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। साथ ही संजा बनाने का प्रशिक्षण एवं मालवी लोकनृत्य की प्रस्तुति भी प्रतिकल्पा संस्था के कलाकारों द्वारा दी जाएगी।
