
नयी दिल्ली, 07 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की उत्तरी जिला टीम ने तीस हजारी इलाके में हुई मोबाइल झपटमारी की वारदात को महज 48 घंटे में सुलझा लिया।
पुलिस ने इस मामले में दो शातिर बदमाशों हसनैन उर्फ हश्नैन (28) और अब्दुल साहिब (25) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल हुई स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने आज बताया कि 31 अगस्त की शाम खन्ना मार्केट, तीस हजारी में परिवहन व्यवसायी देवदत्त सिंह राणा का मोबाइल फोन झपट लिया गया था। घटना के बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूत्रों की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर दबोच लिया।
गिरफ्तार हसनैन पहले भी 12 आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है, जबकि अब्दुल साहिब दो मामलों में संलिप्त रहा है। दोनों नशे की लत के कारण अपराध करते थे।
