नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पश्चिमी रेंज-I की टीम द्वारा चलाए गए अभियान में एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 5.737 किलो गांजा (जिसमें उच्च गुणवत्ता वाला अंतरराष्ट्रीय ओजी गांजा शामिल है), तीन कारें और दो पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। यह नेटवर्क थाईलैंड से दिल्ली-एनसीआर तक सक्रिय था।
अपराध शाखा के उपायुक्त हर्ष इंदोरा ने शुक्रवार को बताया कि गत 26 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अखिलेश बाजपेयी की टीम ने केशोपुर मंडी स्थित गोल्डन मेंशन होटल के पास छापेमारी कर दो तस्करों प्रताप सिंह और मेहराज खान को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 3.708 किलो ओजी गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
बाद में एक सितंबर को तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरोह के मुख्य सप्लायर अनिल कुमार सिंह को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर उसके आज़मगढ़, उत्तर प्रदेश स्थित गांव से 2.029 किलो गांजा बरामद हुआ। वहीं तीन सितंबर को चंदर विहार इलाके से हरप्रीत सिंह, राजवंत सिंह और सुरजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह संगठित नेटवर्क अनिल कुमार सिंह और दुबई में मौजूद उसके साथी ईशान के इशारों पर चलता था। ये लोग थाईलैंड के बैंकॉक से 1.5 लाख रुपए प्रति किलो की दर से ओजी गांजा खरीदते और दिल्ली-एनसीआर में 6–7 लाख रुपए प्रति किलो में बेचते थे। गिरोह हवाला और बैंक खातों के जरिये मुनाफा ईशान तक पहुंचाता था।
अनिल और प्रताप सिंह, मेहराज खान के साथ मिलकर यात्रियों (कैरियर्स) को विदेश यात्रा और कमीशन के लालच में भर्ती करते थे। बैंकॉक में स्थानीय सप्लायर कैरियर्स को सीलबंद पैकेट सौंपते और ये लोग अमृतसर, चंडीगढ़, मुंबई व दिल्ली हवाईअड्डों पर पहुंचने के बाद स्थानीय रिसीवरों से संपर्क करते थे। वहां से माल दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई होता था।

