इंदौर: शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने 13-14 फरवरी की रात को कॉरडोन एण्ड सर्च ऑपरेशन (सीएएसओ) के तहत विशेष अभियान चलाया. पुलिस टीमों ने हॉटस्पॉट और संदिग्ध क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सार्वजनिक स्थलों की चैकिंग की.अभियान में लंबे समय से फरार 162 वांछित वारंट तामील किए, जिनमें 12 स्थाई, 45 गिरफ्तारी और 104 जमानती वारंट शामिल हैं.
शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियम तोड़ने वाले 180 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. संशोधित साइलेंसर वाली मोटरसाइकिल, बिना नंबर और विशेष नंबर प्लेट वाली गाड़ियों पर भी सख्त कार्रवाई हुई. मकानों में किरायेदारों की जानकारी न देने वाले 2 मकान मालिकों पर 223 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई.
एनडीपीएस एक्ट के 23 मामलों में कार्रवाई
अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थों के सेवन और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले 23 मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. वहीं, 17 अपराधियों और संदिग्धों को चेक कर भविष्य में अपराध न करने की चेतावनी दी गई. इस दौरान पुलिस ने मोहल्ला बैठक और ध्वज मार्च के जरिए स्थानीय लोगों को नशे और साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया. अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार जारी रहेगी.
