इंदौर: सिमरोल थाना क्षेत्र के दतोदा गांव में 16 वर्षीय किशोरी ने शादी के लिए परिजन और एक युवक द्वारा बनाए जा रहे दबाव से परेशान होकर जहर खाकर जान दे दी. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. किशोरी ने खुदकुशी से पहले मोबाइल पर वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने शादी के लिए दबाव डालने की बात कही है. नाबालिग ने दो दिन पहले जहर खाया था.
तबियत बिगड़ने पर परिवारजन ने पहले उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जूपीटर हॉस्पिटल ले जाया गया. यहां उपचार के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि किशोरी पर गांव के ही एक युवक और उसके परिजनों द्वारा शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एमवाय भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
