मुंबई, 03 सितंबर (वार्ता) पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट से उबरता हुआ रुपया बुधवार को 13 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 88.02 रुपये के भाव बोला गया।
इससे पहले मंगलवार को रुपया पांच पैसे टूटकर 88.15 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।
भारतीय मुद्रा आज 88.15 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर खुली और शुरुआती कारोबार में 87.9825 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुई। हालांकि बैंकों की ओर से डॉलर की मांग आने से एक समय यह 88.1950 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गयी थी, लेकिन विदेशी संस्थागत निवेशकों से भारतीय पूंजी बाजार में लिवाल रहने से रुपये को बल मिला और यह अंत में 88.02 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में तेजी और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट डॉलर सूचकांक में नरमी से भी रुपया मजबूत हुआ।
