नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) दूरसंचार क्षेत्र की विनिर्माण कंपनी ऑप्टिमस इंफ्राकॉम ने बुधवार को देश का पहला बीआईएस स्टैंडर्ड माइक्रोबियल टेंपर्ड ग्लास पेश किया।
लॉन्च के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में ऑप्टिमस समूह के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बताया कि राइनोटेक के ब्रांड नाम से यह टेंपर्ड ग्लास बाजार में उतारा जायेगा। इसे बीआईस मानक प्राप्त है। दुनिया में पहली बार कोई टेंपर्ड ग्लास किसी मानक के साथ पेश किया जा रहा है। इस पर कंपनी 365 दिन की अनलिमिटेड गारंटी दे रही है। इस दौरान किसी भी कारण से टूटने पर टेंपर्ड ग्लास बदल दिया जायेगा।
इसे सितंबर 2025 में बाजार में उतारा जायेगा। यह साझेदार खुदरा स्टोरों के साथ राइनोटेक की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी उपलब्ध होगा। कंपनी ने अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है।
राइनोटेक टेंपर्ड ग्लास का विकास कोर्निंग इंडिया ने किया है। यह एंटी माइक्रोबियल ग्लास है। उन्होंने बताया कि आम तौर पर एक मोबाइल के स्क्रीन पर टॉयलेट शीट के मुकाबले 10 गुणा बैक्टीरिया होते हैं। इसलिए इसे एंटी माइक्रोबियल बनाया गया है। इस पर राइनोटेक की फॉग मार्किंग भी होगी।
कंपनी इस लॉन्च के साथ अगले वित्त वर्ष में 1,800-2000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस टेंपर्ड ग्लास का निर्माण कंपनी के नोएडा संयंत्र में किया जायेगा। कंपनी की योजना इसे घरेलू बाजार में बेचने के साथ निर्यात करने की भी है। पहले इसे प्रीमियम स्मार्टफोन श्रेणी के लिए लॉन्च किया जायेगा। बाद में इसे दूसरी श्रेणियों के लिए भी उपलब्ध कराया जायेगा।
