
सिवनी।बरघाट थाना क्षेत्र के ग्राम कौडिया में बीती रात एक भीषण हादसा हो गया। लंबे समय से ढाबों पर चल रहे अवैध पेट्रोल-डीजल के काले कारोबार ने एक युवक की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार फेडरल टैंकर से डीजल निकालते समय अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते ढाबे से लगा कमरा और टैंकर आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में युवक पंकज पटले जलकर राख हो गया, जबकि टैंकर चालक भी झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक ने जलते टैंकर को करीब 100 मीटर दूर खड़ा कर अपनी जान तो बचाई, लेकिन लपटों से वह भी घायल हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन ढाबों पर लंबे समय से चोरी-छिपे टैंकरों से पेट्रोल-डीजल निकालकर बेचा जाता रहा है। बताया गया कि मोटर के जरिए पाइप लगाकर ईंधन निकाला जाता था। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी।
हादसे के बाद घंटों जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस व प्रशासन ने वाहनों को रोककर सुरक्षा सुनिश्चित की। फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी मोहनीश बैस, एसडीओपी ललित गठरे व तहसीलदार अमरित लाल धुर्वे ने मौके पर रहकर स्थिति को संभाला।
