
सीधी। सीधी जिले में एक दर्दनाक नदी हादसा सामने आया है। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भमरहिया से गुजरने वाली नदी में नहाने गईं कई बच्चियों में से दो बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतका दोनों बच्चियां ननिहाल आई थीं ।
जानकारी के अनुसार मृत बच्चियां हर्षिनी उम्र 13 वर्ष एवं नंदिनी उम्र 9 वर्ष दोनों राजलाल केवट की पुत्रियां थीं, जो मां के साथ ननिहाल भमरहिया आई हुई थीं। आज सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच वे अन्य बच्चियों के साथ नदी में नहाने निकली थीं।
स्नान के बाद बाकी बच्चियां घर लौट आईं लेकिन हर्षिनी और नंदिनी वापस नहीं पहुंचीं। परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि दोनों गहरे पानी में डूब गई हैं। गांववालों ने तत्काल खोज शुरू कर कुछ ही घंटों में बच्चियों के शव नदी से बाहर निकाले।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थल पंचनामा की कार्रवाई की। दोनों शवों को सीधी मर्चुरी भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।दो बच्चियों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
