
भोपाल। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर मधुसूदनगढ़ नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार के मामले में सख्त कार्यवाही की मांग की है।
दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि परिषद के तत्कालीन अध्यक्ष श्यामलाल अहिरवार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूरनचंद कुशवाह ने सामग्री खरीद में भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार किया। इस मामले में गुना जिले के तीन कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए (10 जुलाई 2023), तरुण राठी (29 सितम्बर 2023) और किशोर कुमार कान्याल (17 जून 2025) द्वारा जांच की जा चुकी है और आयुक्त, नगरीय प्रशासन को कार्यवाही हेतु पत्र भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण को लेकर नगर पालिका के पार्षदों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। दिग्विजय सिंह ने मांग की कि दोषी पाए गए तत्कालीन अध्यक्ष और सीएमओ के विरुद्ध तीनों कलेक्टरों की जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
