जबलपुर: चरगवां थाना थाना अंतर्गत सालीबाड़ा में वन विभाग की जमीन पर तार फेंसिंग करा रहे वनरक्षक पर एक ग्रामीण ने लात-घूसों से हमला कर दिया। आरोपी ने झूमाझपटी के दौरान वनरक्षक की कलाई पर दांत से काट लिया और उनकी शासकीय वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक योगीश पाठक (36) निवासी ग्राम भितरी सीधी, पिछले 7 वर्षों से बाड़ीबाड़ा बीट में पीडि़त वनरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। शासन की अभिरल नर्मदा योजना के तहत वन भूमि पर वृक्षारोपण के लिए तार फेंसिंग का कार्य चल रहा था। वनरक्षक सुबह करीब 10:30 बजे मजदूरों और सहयोगी सुशील कुमार वर्मा के साथ काम करा रहे थे, तभी सालीबाड़ा निवासी मुरारी गौंड़ वहां पहुंचा।
आरोपी मुरारी ने वन विभाग की जमीन को अपनी बताते हुए काम रोकने की कोशिश की औरविवाद शुरू कर दिया। जब वनरक्षक ने विरोध किया, तो आरोपी ने झूमाझपटी करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट से वनरक्षक के हाथ, पैर और कमर में चोटें आई हैं। हमले के दौरान आरोपी ने वनरक्षक की कलाई पर दांत से बुरी तरह काट लिया और उनकी वर्दी फाड़ दी आरोपी वारदात के बाद दोबारा फेंसिंग करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। पुलिस ने वनरक्षक योगीश पाठक की रिपोर्ट पर आरोपी मुरारी गौंड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
