विदिशा: करीब 3 सौ करोड़ का बजट रखने वाली विदिशा की नगरपालिका में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. जांच एक तरफ निर्माण कार्यों की जांच चल रही है तो वहीं दूसरी तरफ पार्षद भी दो भागों में बंटे हुए हैं. इसी बीच कांग्रेस भी मैदान में उतर चुकी हैं. कांग्रेस ने शहर की बदहाल सड़कों को लेकर कई सवाल नपा अधिकारियों से किए जिस पर उसे जबाव मिला की नपा में जांच चल रही है इसलिए नए निर्माण काम नहीं हो सकते हैं. इधर,नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्टोरेट पहुंचे और नगर की सड़कों की बदहाल स्थिति को ठीक करने की मांग को लेकर कलेक्टर अंशुल गुप्ता को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान कहा गया कि आगामी दिनों में हिंदू समाज के बड़ी संख्या में त्यौहार आ रहे हैं.
इसलिए जल्द जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए, नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका आशीष माहेश्वरी अन्य कांग्रेस साथ कार्यकर्ताओं के कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर अंशुल गुप्ता को ज्ञापन दिया. इस दौरान उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में धार्मिक त्यौहार आ रहे हैं. जिसमें गणेश उत्सव, अष्टमी, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी, नवरात्रि, दीपावली आदि बड़े-बड़े त्यौहार शामिल हैं. ऐसे में नगर पालिका द्वारा सड़कों की खराब स्थिति को सुधारने की ओर कोई ध्यान
नहीं दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नगर पालिका में अधिकारियों से सड़कों को दुरुस्त करने को कहा जाता है तो अधिकारी कर्मचारी कहते हैं कि वर्तमान में नगर पालिका की जांच चल रही है, जिसके कारण से अभी कोई कार्य नहीं हो पाएगा. उन्होंने कहा कि पुराने निर्माण कार्यों की जांच हो रही है, ऐसे में नए निर्माण कार्य करने में नगर पालिका अधिकारियों को क्या दिक्कत आ रही है, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि नगर के लोग पिछले कई सालों से सड़कों की बहाल स्थिति से जूझ रहे हैं. इसके बाद भी सड़कों का निर्माण नहीं किया जा रहा है. आगामी दिनों में गणेश उत्सव और दुर्गा उत्सव के दौरान बड़ी बड़ी प्रतिमाएं लोग लेकर आते हैं.
ऐसे में अगर कोई घटना घटित हो जाती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा, सड़कों की बहाल स्थिति के चलते दो पहिया वाहन और पैदल यात्री बड़ी मुश्किल से जरूरी काम होने पर ही बाजार निकल पाते हैं. उन्होंने कहा कि सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे हो रहे हैं और गणेश प्रतिमा एवं दुर्गा प्रतिमा लाने-ले जाने के लिए रोड खराब होने के कारण प्रतिमा खंडित होने का डर बना हुआ है. उन्होंने कलेक्टर को आवेदन देकर मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए, जिससे कि आगामी दिनों में आने वाले त्यौहारों पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े. इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षद मौजूद थे.
कॉल रिकार्डिंग खोल रही राज
कुछ दिन पहले कलेक्टर के आदेश के बाद नपा में तीन साल के दौरान हुए निर्माण कार्यों व बिलों के भुगतान की जांच शुरू की गई थी. सूत्रों ने बताया कि कई कर्मचारी और अधिकारियों के मोबाइल रिकार्डिंग की जांच की जा रही है. अभी तक करीब 1600 कॉल रिकार्ड सामने आ चुके हैं. अभी और भी रिकार्डिंग सामने आने वाली हैं.
