नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने जुझारूपन का परिचय देते हुए एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में बाल भवन क्रिकेट अकादमी को 7 रन से पराजित कर 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के ग्रुप-सी लीग मैच में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंटों में से एक यह प्रतियोगिता इन दिनों सेंट स्टीफंस कॉलेज ग्राउंड, दिल्ली में खेली जा रही है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अनमोल शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 49 गेंदों में 116 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आकर्षक चौके-छक्कों की बरसात की। तेजस दहिया ने 24 गेंदों में तेजतर्रार 65 रन बनाए, जबकि सार्थक रंजन ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बाल भवन क्रिकेट अकादमी की ओर से राहुल यादव ने दो विकेट हासिल किए।
265 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाल भवन क्रिकेट अकादमी ने भी शानदार संघर्ष किया और निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 257 रन बनाए। टीम के कप्तान यजस शर्मा ने मात्र 36 गेंदों में 106 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचाया। मोहक कुमार ने 32 रन और यश भाटिया ने 41 रन का योगदान दिया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से अमन चौधरी ने तीन विकेट लेकर गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई, जबकि सिद्धांत शर्मा ने दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स के अनमोल शर्मा को उनकी शानदार 116 रनों की मैच विजयी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि बाल भवन क्रिकेट अकादमी के कप्तान यजस शर्मा को उनकी 106 रनों की जुझारू पारी के लिए फाइटर ऑफ द मैच सम्मान से नवाजा गया। मैच के पुरस्कार विकास कात्याल (डीडीसीए डायरेक्टर) एवं कार्तिक शर्मा (टूर्नामेंट सचिव, गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) द्वारा प्रदान किए गए। पुरस्कार विजेता: मैन ऑफ द मैच: अनमोल शर्मा (49 गेंदों पर 116 रन)
फाइटर ऑफ द मैच: यजस शर्मा (36 गेंदों पर 106 रन)

