
मुंबई, 25 अगस्त (वार्ता) विनिर्माण, रक्षा, ऊर्जा और रियल एस्टेट क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी स्वान एनर्जी लिमिटेड ने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदल कर स्वान कॉर्प लिमिटेड कर लिया है।
कंपनी ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नाम बदलने से एक नयी कॉर्पोरेट पहचान सामने आई है जो एक विविध औद्योगिक समूह के रूप में इसके विकास को दर्शाती है। यह नया ब्रांड विनिर्माण, रक्षा, ऊर्जा और रियल एस्टेट सहित प्रमुख विकास क्षेत्रों में एक रणनीतिक मोड़ का प्रतीक है।
उसने बताया कि एक सदी से भी पहले स्थापित स्वान कॉर्प ने कपड़ा उद्योग से आगे बढ़कर भारतीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति स्थापित की है। अब इसके परिचालन क्षेत्र में तेल एवं गैस, वाणिज्यिक एवं रक्षा जहाज निर्माण एवं मरम्मत, भारी इंजीनियरिंग, अपतटीय निर्माण और रियल एस्टेट विकास तक शामिल हैं।
कंपनी ने नये नाम के साथ अपना लोगो भी बदल लिया है जिसमें ऊपर की ओर उठता एक स्टाइलिश हंस है जो “प्रगति, लचीलेपन और आगे बढ़ने का प्रतीक” है।
स्वान कॉर्प के प्रबंध निदेशक निखिल मर्चेंट ने कहा, “स्वान कॉर्प की नई पहचान हमारी यात्रा में एक साहसिक चरण की शुरुआत का प्रतीक है। जैसे-जैसे हम जटिल, उच्च-प्रभाव वाले क्षेत्रों में अपने परिचालन का विस्तार कर रहे हैं, हमारा ब्रांड अब हमारी दीर्घकालिक रणनीतिक दिशा, नवाचार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और भारत के आर्थिक विकास में हमारी भूमिका को दर्शाता है।
