इंदौर:तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रविवार- सोमवार की दरमियानी रात भोपाल से आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक अपने दो साथियों के साथ इंदौर आया था और अगले दिन उज्जैन व नलखेड़ा दर्शन के बाद लौटने वाला था. देर रात उसकी तबीयत बिगड़ी और एमवाय अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ शनिवार को होटल में ठहरा था. देर रात उसे अचानक सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत हुई. पानी पीने के बाद वह कुछ देर लेटा रहा लेकिन फिर झटके से उठकर दर्द बढ़ने की बात कही. साथियों ने उसे अस्पताल ले चलने की बात कही, लेकिन उसने मना कर दिया और दोबारा लेट गया. कुछ ही देर बाद जब साथी ने देखा तो वह अचेत था.
इसके बाद दोस्तों ने तीसरे साथी को जगाया और अस्पताल लेकर पहुंचे. घटना के दौरान दोस्तों ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन कॉल सेंटर से उस समय गाड़ी उपलब्ध न होने की जानकारी दी गई. इसके बाद निजी वाहन की व्यवस्था कर अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
