पंजीकृत किसानों से 13 हजार मीट्रिक टन गेंहू की हुई खरीदी

० जिले में 46 उपार्जन केन्द्रों के मार्फत 31 तक होगी पंजीकृत किसानों से गेंहू की खरीदी

नवभारत न्यूज

सीधी 23 मई। जिले में रबी सीजन के लिए फसलों की खरीदी के लिए 46 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। 22 मई की शाम तक करीब पांच हजार पंजीकृत किसानों से 13 हजार मीट्रिक टन गेंहू की खरीदी हो चुकी है। 31 मार्च तक अभी गेंहू खरीदी का कार्य पंजीकृत किसानों से होगी।

बताते चलें कि 28 मार्च से गेंहू की खरीदी होनी थी लेकिन किसानों की आवक अप्रैल महीने के अंतिम दिनों से ही धीरे-धीरे शुरू हुई थी। खरीदी में अभी तक पंजीकृत करीब पांच हजार किसानों द्वारा अपने उपार्जन केन्द्रों में कुल 13 हजार मीट्रिक टन गेंहू की बिक्री की जा चुकी है। शेष पंजीकृत किसानों द्वारा भी अपने उपार्जन केन्द्रों में बिक्री के लिए गेंहू लाने का सिलसिला चल रहा है। रबी सीजन में फसलों की बिक्री करने के लिए 14247 किसानों द्वारा अपना पंजीयन कराया गया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खरीदी केन्द्रों में गेंहू की खरीदी का काम काफी धीमी गति से आरंभ में शुरू हुआ था। अभी भी महज उपार्जन केन्द्रों में करीब पांच हजार पंजीकृत किसानों ने पहुंचकर गेंहू की बिक्री की है। आरंभ में वैवाहिक कार्यक्रमों एवं चुनाव में व्यस्तता के चलते गेंहू के फसलों की कटाई एवं गहाई का कार्य काफी देर से हुआ था। उपार्जन केन्द्रों में गेंहू पहुंचने की रफ्तार मौसम की प्रतिकूलता के चलते भी काफी धीमी रही। वहीं जिन किसानों द्वारा देर से बोनी की गई थी उनकी फसलें अभी गहाई के लिए खलिहान में मई महीने के एक सप्ताह तक रखी हुई थी। चर्चा के दौरान जिला मुख्यालय के समीप स्थित कुछ उपार्जन केन्द्रों के कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि गेंहू की आवक आरंभ में काफी कमजोर रही। यह अवश्य है कि धीरे-धीरे इसमें तेजी दिखनी शुरू हो गई है। खरीदी केन्द्रों में व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन के बड़े अधिकरियों द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही यह भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि खरीदी केन्द्रों में गुणवत्तायुक्त फसलों की खरीदी की जाए। जो किसान गेंहू लेकर उपार्जन केन्द्रों में पहुुंच रहे हैं उसका अच्छे से निरीक्षण किया जाए जिससे गेंहू की गुणवत्ता अच्छी रहे और उसमें कचरा न रहे। यदि फसल में साफ-सफाई का अभाव है तो उसको उपार्जन केन्द्रों में ही साफ कराने की व्यवस्था बनाई जाए। उसका निर्धारित शुल्क किसान से वसूल किया जाए।

००

35 प्रतिशत पंजीकृत किसान ही किये बिक्री

जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या 14247 है। जिसमें अभी तक करीब पांच हजार किसानों ने ही गेंहू की बिक्री की है। इससे स्पष्ट है कि अभी तक करीब 35 प्रतिशत किसानों ने ही बिक्री की है। गेंहू बिक्री के लिये अभी 8 दिन का समय शेष है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि गेंहू की बिक्री करने वाले किसानों की संख्या अब ज्यादा नहीं रहेगी। 50 फीसदी से कम पंजीकृत किसान ही गेंहू की बिक्री करेंगे। फसलों की बिक्री से पूर्व पंजीकृत किसान को ऑनलाईन स्लॉट की बुकिंग कराना अनिवार्य है। जब किसान गहाई के कार्य से खाली हुए तो उनके द्वारा फसल की बिक्री के लिए ऑनलाईन स्लॉट की बुकिंग कराई गई है। उनकी फसल की बिक्री उपार्जन केन्द्र में किस तिथि को होगी यह मैसेज मिलने पर ही किसान संबंधित उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर फसल की बिक्री करेंगे।

००

इनका कहना है

जिले में 22 मई तक 13 हजार मीट्रिक टन गेंहू की खरीदी हो चुकी है। यह खरीदी करीब पांच हजार पंजीकृत किसानों के माध्यम से हुई है। गेंहू खरीदी का कार्य अभी 31 मई 2024 तक किया जायेगा।

संजय कुमार श्रीवास्तव, उपसंचालक कृषि विभाग सीधी

००००००००००००००

Next Post

बाणसागर नहर में असामयिक घटनाओं का बढ़ रहा ग्राफ, काल के गाल में समा गया श्रमिक

Thu May 23 , 2024
० तीन दिन बाद रीवा जिले के सिलपरा डैम में मिला अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के ड्राईवर का शव नवभारत न्यूज रामपुर नैकिन 23 मई। बहुउद्देशीय विद्युत बाणसागर परियोजना के नहर मार्ग पर असामयिक घटनाओं का क्रम जारी है। बीते 20 मई को नहर में फिसल कर अल्ट्राटेक सीधी सीमेंट प्लांट […]

You May Like