खंडवा: ओंकारेश्वर डैम लबालब है। देशभर की गतिविधियों और अधिक जल भराव के बाद ओंकारेश्वर डैम की सुरक्षा अत्याधुनिक तरीके से की जा रही है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है।केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई ओंकारेश्वर द्वारा ओंकारेश्वर डैम क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को और भी सुदृढ़ किया गया है।
अब डैम क्षेत्र की चौकसी के लिए आधुनिक तकनीक, जैसे सीसीटीवी कवरेज और ड्रोन पेट्रोलिंग, एवं बोट द्वारा भी पेट्रोलिंग की जा रही । खंडवा जिले के बिजली परियोजना वाले इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर दोनों संवेदनशील हैं। भारी जल राशि से लबालब है। भविष्य को देखते हुए यहां सुरक्षा व्यवस्था पिछले वर्षों से भी अत्याधुनिक और हाईटेक कर दी गई है।
संदिग्धों से कर रहे पूछताछ
सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रहकर क्षेत्र की हर गतिविधि पर सतत निगरानी रख रहे हैं। इससे संदिग्ध गतिविधियों का तुरंत पता लगाना संभव हो गया है। वहीं, ड्रोन पेट्रोलिंग से डैम की परिधि, ऊपरी सतह और आसपास की बस्तियों तक निगरानी का दायरा और विस्तृत हो गया है।
सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता
ड्रोन संचालन की जानकारी आमजन तक पहुँचाने हेतु पर्याप्त प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि लोग अवगत रहें कि यह गतिविधि केवल सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए है।
सुरक्षाबल को अत्याधुनिक किया
सीआईएसएफ का कहना है कि तकनीक और सतर्क बल सदस्यों का यह संयोजन डैम क्षेत्र की सुरक्षा में नई ऊर्जा और मजबूती लेकर आया है। इस कदम से सुरक्षा बलों की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और स्थानीय नागरिकों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास और आश्वस्ति की भावना प्रबल हुई है।
