भैरूंदा।किराना की दुकान का ताला तोड़कर राशन सामग्री व नगदी चुराने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी दिन में रेकी करते थे व रात में दुकानों के ताले तोड़कर वादाता को अंजाम देते थे. एक आरोपी स्वयं किराना दुकान चलाता था जो चोरी का सामान अपनी दुकान से बेचता था.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिंहपुर निवासी फरियादी रामदिन जायसवाल आ. मांगीलाल जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 जुलाई को रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा किराना दुकान के गेट का ताला तोड़कर दुकान से किराना सामान सहित कैमरे का डीवीआर व गल्ले में रखे 15 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गए.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदेही गोलू उर्फ हेमन्त मीणा आ. रमेश मीणा, अजय आ. रमेश मीणा, राहुल मीणा आ. मान सिंह मीणा निवासीगण कनेरिया थाना इछावर को लाड़कुई से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई. आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार करते हुए बताया कि दिन में रेकी कर रात में सूनी दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया. तीनों ने चोरी का सामान आपस में बांट लिया था. राहुल किराना दुकान चलाता है जो अपनी दुकान से चोरी किया सामान बेचता था. आरोपियों के कब्जे से चोरी गई किराना सामग्री, नगदी रुपए एवं बाइक जब्त की गई. इसके अलावा आरोपियों ने इछावर थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है.
