20 अगस्त 2025 को गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में प्रस्तुत संविधान (130वाँ संशोधन) विधेयक, 2025 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाएगा. यह विधेयक उन प्रावधानों को लेकर आया है, जिनका उद्देश्य राजनीति को भ्रष्टाचार और अपराधिकरण की दलदल से बाहर निकालना है.इस विधेयक का सबसे अहम प्रावधान यह है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई मंत्री गंभीर अपराध में 30 दिनों तक हिरासत में रहता है, तो वह स्वचालित रूप से पदच्युत हो जाएगा.
यह कदम केवल कानूनी सुधार नहीं है, बल्कि राजनीतिक जवाबदेही का नया मानदंड स्थापित करता है. अब सत्ता का संरक्षण अपराध का कवच नहीं बनेगा. भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत यही है कि जनता के प्रतिनिधि कानून से ऊपर नहीं हैं. यह संशोधन इसी भावना को मजबूती देता है. प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री, जब तक वे निर्दोष साबित नहीं होते, तब तक सार्वजनिक पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार उनके पास नहीं होना चाहिए.
विधेयक में यह भी व्यवस्था की गई है कि यदि कोई नेता बाद में दोषमुक्त होकर रिहा हो जाता है, तो उसे पुन: पदभार दिया जा सकता है. यह प्रावधान उन आशंकाओं को दूर करता है कि विपक्षी राजनीति के दबाव में किसी नेता को जानबूझकर निशाना बनाया जा सकता है. इस तरह यह संशोधन कठोरता और न्याय, दोनों के बीच संतुलन साधने का प्रयास है.
भारत में राजनीति के अपराधिकरण पर वर्षों से बहस होती रही है. चुनावी सुधार आयोग, सर्वोच्च न्यायालय और सिविल सोसाइटी बार-बार इस मुद्दे पर चिंता जताते रहे हैं.ऐसे में यह संशोधन उस दिशा में एक ठोस पहल है.
यदि यह प्रावधान लागू होता है, तो जनता का विश्वास न केवल चुनावी प्रक्रिया में, बल्कि शासन-प्रशासन की निष्पक्षता में भी और गहरा होगा. दरअसल,भारतीय लोकतंत्र की ता$कत उसकी पारदर्शिता और जवाबदेही है. जनता का विश्वास तभी कायम रह सकता है जब उसके प्रतिनिधि नैतिकता की कसौटी पर खरे उतरें. यदि कोई शीर्ष नेता हिरासत में है और गंभीर अपराध का आरोप झेल रहा है, तो उसके पद पर बने रहने से शासन की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं.
लोकतंत्र की असली पूंजी जनता का विश्वास है. जब लोग देखते हैं कि आरोपी नेता भी सत्ता की कुर्सी पर जमे रहते हैं, तो उनका भरोसा प्रणाली से उठने लगता है. यह विधेयक जनता को यह भरोसा दिलाने का प्रयास है कि सत्ता की कुर्सी नैतिकता और शुचिता की जि़म्मेदारी के साथ आती है, न कि अपराध से बचने की ढाल के रूप में. कुल मिलाकर इस विधेयक पर विस्तृत बहस होगी और विपक्ष अपनी आशंकाएं भी रखेगा. परंतु बड़े दृष्टिकोण से देखें तो यह विधेयक भारतीय राजनीति को स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है.लोकतंत्र की आत्मा शुचिता है—और इस संशोधन को उसी आत्मा को सुरक्षित रखने के प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए. बहरहाल,
इस बिल को पास करने को लेकर जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए. संसद में विपक्ष को बहस के लिए और अपनी बात कहने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए. विपक्ष के उपयोगी सुझावों को इसमें शामिल किया जाना चाहिए. दरअसल यह एक महत्वपूर्ण संशोधन है. इस पर व्यापक विचार विमर्श और सहमति की जरूरत है. जाहिर है सरकार भी इस ओर ध्यान देगी.
