सिंगरौली: नगर निगम वार्ड क्रमांक 42 स्थित डिग्री कॉलेज घुरीताल मार्ग पर एनआईसीटी कॉलेज के सामने नालियां लंबे समय से चोक पड़ी हैं। इससे गंदा पानी सड़क पर जमा होकर दुर्गंध फैला रहा है। एक महीने से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर निगम का सफाई अमला पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है।
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त है।
नालियों की नियमित सफाई न होने से उनमें कचरा भरा रहता है और पानी सड़क पर फैल जाता है। डिग्री कॉलेज–घुरीताल मार्ग पर यह स्थिति और गंभीर है, जहां नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन बाधित हो रहा है। छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को रोजाना दुर्गंध व गंदगी से होकर गुजरना पड़ रहा है। ज्ञान वैली पब्लिक स्कूल के छोटे बच्चे भी इसी रास्ते से होकर आते-जाते हैं।
स्थिति यह है कि सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और गड्ढों में गंदा पानी भरने से इतनी बदबू आती है कि लोग नाक पर कपड़ा रखकर चलने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने नवागत निगमायुक्त से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने और नालियों की साफ-सफाई कराने की मांग की है।रहवासियों ने इस समस्या को लेकर तीन बार 12, 18 और 19 अगस्त को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी समस्या का समाधान कर रहे हैं।
