
भोपाल। जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजधानी में विवाद गहराता जा रहा है। प्रवीण सक्सेना को एक बार फिर शहर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर विरोध तेज हो गया है। पूर्व पार्षद मोनू सक्सेना ने खुलकर इसका विरोध किया और आज अनोखे अंदाज में धरना प्रदर्शन किया। वह स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तस्वीर रखकर उसके सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने पार्टी आलाकमान को संबोधित बैनर और पोस्टर अपने ही खून से लिखकर साथ में रखे। मोनू सक्सेना का कहना है कि आलाकमान को जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए, न कि दबाव और सिफारिशों के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। उनके इस विरोध प्रदर्शन ने राजधानी के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है और संगठनात्मक खींचतान एक बार फिर सामने आ गई है।
