इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र से शिक्षक का नाबालिग बेटा रहासमय तरीके से लापता हो गया है. परिजन लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन दो दिन गुजर जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा. इससे परिवार में अनहोनी की आशंका गहराने लगी है, मामले में पुलिस जांच में जुटी.दिव्या विहार कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय आकाश राठौर 15 अगस्त को घर से निकला था. उसने छोटी बहन से कहा था कि वह पोहा खाने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा.
काफी देर इंतजार के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजन बाणगंगा थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आकाश 15 अगस्त की सुबह स्कूल गया था और दोपहर को घर लौट आया था, इसके बाद वह अचानक घर से निकल गया. आकाश गुजराती कॉलेज में कक्षा ग्यारहवीं का छात्र है. उसके पिता प्राइवेट शिक्षक हैं और मां भी नौकरी करती हैं.
परिवार ने रिश्तेदारों तक सूचना भेजी, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली. आकाश मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और कुछ साल पहले ही परिवार के साथ इंदौर आया था. लगातार दो दिन बीत जाने के बाद से घर में मातम जैसे हालात हैं. पुलिस ने लापता किशोर की तलाश तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
