छतरपुर।शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए छतरपुर के युवाओं ने सराहनीय पहल की है। स्वतंत्रता दिवस की रात 8 बजे युवाओं ने इन मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट पहनाए, ताकि अंधेरे में वाहन चालकों को पशु आसानी से दिखाई दें और सड़क हादसों को रोका जा सके।
हेमंत चतुर्वेदी ने बताया कि उनके फाउंडेशन द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक फोर लाइन, सरानी दरवाजा, पन्ना नाका सहित शहर के विभिन्न इलाकों में लगभग 70 मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाए जा चुके हैं। उनका कहना है कि हर 15 दिन में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पशुओं को रेडियम बेल्ट पहनाना लक्ष्य है।
युवाओं की इस अनोखी पहल से न केवल लोगों की जान सुरक्षित रहेगी, बल्कि सड़कों पर भटक रहे मवेशियों को भी सुरक्षा मिलेगी। शहरवासियों ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक और उपयोगी कदम बताया।
