
इंदौर. मानपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले जंगल में मिली अज्ञात लाश के मामले में पुलिस ने अंधी हत्या का पर्दाफाश कर दिया है. वारदात में शामिल ग्राम बिचौली निवासी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. हत्या की वजह आपसी विवाद और पुरानी रंजिश बताई गई है. पहचान छुपाने के लिए शव को साड़ी और दो प्लास्टिक के बोरों में पैक कर सागौन के पत्तों से ढककर जंगल में फेंक दिया था.
12 अगस्त को ग्राम बिचौली के चौकीदार भीमा गिरवाल ने सूचना दी थी कि बिचौली जंगल में साड़ी से लपटा शव, दो प्लास्टिक के बोरों में बंद मिला है, जिसके सिर पर चोट के निशान थे. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में मृतक की पहचान 62 वर्षीय हर्ष उर्फ डमरू निवासी संजय गांधी नगर, महू के रूप में हुई, जो ग्राम बिचौली में गोलू वास्केल के घर आता-जाता था. जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम गठित कर अलग अलग क्षेत्रों में लगाया. इसके बाद संदेही गोलू वास्केल को टांडा धार से हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त को मृतक ने उसके एक दोस्त से मिलने पर सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित किया था. अगले दिन रात 9-10 बजे दोनों में फिर विवाद हुआ, जिसके बाद गोलू ने अपने घर के पीछे पत्थर मारकर हर्ष की हत्या कर दी और अपने पिता भागीरथ वास्केल की मदद से शव को बोरे व साड़ी में लपेटकर जंगल में फेंक दिया. इसके बाद पुलिस ने 26 वर्षीय गोलू वास्केल पिता भागीरथ वास्केल) निवासी ग्राम बिचौली आदिवासी मोहल्ला थाना मानपुर, जिला इंदौर तथा 55 वर्षीय भागीरथ वास्केल पिता स्व. बुरखीलाल वास्केल निवासी ग्राम बिचौली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है.
