
पन्ना। कोठी-मझगवां मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पत्थरों से लदे ट्रक और ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो मोहंद्रा से कोठी की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक कोठी से मोहंद्रा की ओर आ रहा था। मझगवां के पास तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मुकेश पिता विश्वनाथ कटेंहा उम्र 44 वर्ष एवं यश यादव पिता प्रीतम यादव उम्र 10 वर्ष, दोनों निवासी मोहद्रा, की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों एवं पुलिस की सहायता से घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया गया।
घायलों में महिलाएं व बच्चे शामिल हैंः- सूचना मिलने पर मोहंद्रा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जप्त कर लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
