ग्वालियर: समूचे ग्वालियर चंबल अंचल में लगातार जारी तेज बारिश से जनजीवन ठप हो गया है। पूरी रात बरसात के बाद सुबह भी सिलसिला जारी है। तेज बारिश के चलते शहर में नदी- नालें उफान पर आ गए है। झरनों में पानी बढ़ गया है। वहीं, तिघरा डैम फिर फुल हो गया है। शहर के गली मोहल्ले भी नालों में बदल गए हैं।ग्वालियर शहर का वार्षिक औसत बारिश कोटा पूरा हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की चेतावनी दी है।
ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।शहर में कल सुबह से ही बादल छाए हुए थे। कल शाम को भी एक घंटे से ज्यादा तेज बारिश हुई। आधी रात से तेज बारिश का सिलसिला फिर शुरू हुआ, जो आज गुरुवार सुबह तक जारी है ।ग्वालियर के आसपास के नदी-नाले उफान पर हैं। शहर की ‘लाइफलाइन’ कहे जाने वाले तिघरा डैम का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है।
आसपास के झरने बहने लगे हैं, जिससे पिकनिक स्पॉट्स पर भीड़ बढ़ने लगी है।पिछले साल यानी 2024 में केवल 11 सितंबर को दो घंटे के लिए तिघरा के गेट खोले गए थे। वहीं 2023 में भी सितंबर में गेट खोले गए थे। इस बार जुलाई में ही पांच बार गेट खोलने पड़े। अब अगस्त में भी तिघरा के गेट खोलने की नौबत आ गई है।
