
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने एमबीए की विभिन्न परीक्षा परिणामों में अधिकतर छात्रों को एटीकेटी दे दिए जाने व फेल भी कर दिए जाने तथा एलएलबी छठवें सेमेस्टर की परीक्षाओं में की गई गड़बड़ी की उचित जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जब कुलसचिव ज्ञापन लेने नहीं आए तो कार्यकर्ता जबरदस्ती उनके चेंबर में जाने लगे जिस पर पुलिस और कार्यकर्ताओं में हल्की झड़क भी हुई। छात्रनेता अनुराग शुक्ला व शफी खान ने आरोप लगाया कि एमबीए की विभिन्न परीक्षा परिणामों में अधिकतर छात्रों को एटीकेटी दे दी गई है और फेल भी कर दिया गया है, जो कि छात्रों के भविष्य के लिए चिंताजनक है विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के चलते विश्वविद्यालय की साख खराब हो रही है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित छात्रों के परिणामों की जांच की जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
