पाकिस्तान की महिला टीम ने आयरलैंड को आठ विकेट से हराया

डबलिन,11 अगस्त (वार्ता) मुनीबा अली (नाबाद 100) की शतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान की महिला टीम ने तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में आयरलैंड को आठ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ पाकिस्तान की टीम आखिरी मैच में जीत दर्ज कर अपनी साख बचाने में कामयाब रही। हालांकि आयरलैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की महिला टीम को पहला झटका 33 के स्कोर पर शवाल ज़ुल्फिकार (तीन) के रूप में लगा। उसके बाद 55 के स्कोर पर नतालिया परवेज नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी आलिया रियाज ने मुनीबा अली के साथ 101 रनों की अविजित साझेदारी कर 17.4 ओवर में दो विकेट पर 156 रन बनाकर अपनी टीम को आठ विकेट से जीत दिला दी। मुनीबा अली को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से तथा सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली आयरलैंड की ऑर्ला प्रेंडरगस्ट को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार नवाजा गया।

आयरलैंड की ओर से अवा कैनिंग और लारा मैकब्राइड ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले क्लोंटार्फ क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर रविवार रात को खेले गये मुकाबले में आयरलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने फैसला किया। आयरलैंड की महिला टीम के लिए एमी हंटर और कप्तान गैबी लुईस की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े। रमीन शमीम ने गैबी लुईस 22 गेंदों में (36) को पगबाधा आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद एमी हंटर (29), ली पॉल (11), रेबेका स्टोकेल (पांच) रन बनाकर आउट हुई। आयरलैड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 155 रन का स्कोर बनाया। ऑर्ला प्रेंडरगस्ट 46 गेंदों में आठ चौकों की मदद से (नाबाद 64) रन बनाये। लॉरा डेलेनी पांच रन बनाकर नाबाद रही। पाकिस्तान की ओर से फातिमा सना, सादिया इकबाल, वाहिदा अख्तर और रमीन शमीम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया

Mon Aug 11 , 2025
टरूबा, 11 अगस्त (वार्ता) रॉस्टन चेज (एक विकेट/नाबाद 49) और शरफेन रदरफोर्ड (45) के शानदार प्रदर्शन के दम पर वेस्टइंडीज ने दूसरे एकदिवसीय वर्षा बाधित मुकाबले में पाकिस्तान को डीएलएस नियम के तहत पांच विकेट से हराया। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज में एक-एक से बराबरी […]

You May Like