ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान की रणनीतिक हार

भारतीय वायु सेना अध्यक्ष, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का हालिया बयान केवल एक सैन्य सफलता की घोषणा नहीं, बल्कि भारत की बदलती सामरिक मानसिकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों और एक बड़े अवाक्स विमान को मार गिराना, दक्षिण एशिया के रणनीतिक समीकरणों को झकझोर देने वाली घटना है. इस अभियान में एस – 400 एयर डिफेंस सिस्टम की भूमिका केंद्रीय रही. यह रूसी मूल का, 400 किमी से अधिक दूरी तक हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाने वाला अत्याधुनिक रक्षा तंत्र है.अपनी गति, सटीकता और बहु-लक्ष्य साधने की क्षमता के कारण इसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वायु रक्षा प्रणालियों में गिना जाता है. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में एस – 400 ने पाकिस्तान के हाई-वैल्यू टारगेट्स को सीमा पार से ही खत्म कर दिया, जिससे यह साफ हो गया कि भारत के हवाई क्षेत्र में दुश्मन का प्रवेश अब लगभग असंभव है, और भारत की ‘काउंटर-स्ट्राइक’ क्षमता बेहद घातक है.

पांच लड़ाकू विमानों का नुकसान पाकिस्तान एयर फोर्स के लिए केवल संख्या में कमी नहीं है.इसमें प्रशिक्षित पायलटों का खोना, स्क्वाड्रन की तैयारियों में गिरावट और वायु शक्ति की मनोबल हानि शामिल है. इससे भी गंभीर है अवाक्स विमान का गिराया जाना — जो दुश्मन के लिए ‘आंख और कान’ की तरह होता है .यह विमान रडार, सेंसर और कम्युनिकेशन सिस्टम के जरिए सीमा पार निगरानी, रियल-टाइम चेतावनी और हवाई अभियानों का मार्गदर्शन करता है. इसे खोने का मतलब है कि पाकिस्तान की ‘अर्ली वार्निंग’ क्षमता कई महीनों के लिए पंगु हो गई. मई 2025 के इस अभियान में जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर प्रहार किए, तब वायु सेना का यह समन्वित प्रहार यह दर्शाता है कि भारत अब केवल रक्षा तक सीमित नहीं है.नई सैन्य सोच के तहत, आतंक के ठिकानों को नष्ट करना और दुश्मन की मारक क्षमता को एक ही समय पर कमजोर करना अब भारत की प्राथमिकता है. यह रणनीति 2016 के ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और 2019 के ‘बालाकोट एयर स्ट्राइक’ से एक कदम आगे है, जहां अब जवाब केवल ‘संदेश’ नहीं, बल्कि ‘स्थायी क्षति’ देने वाला है.ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान को साफ संदेश दिया है कि भारत के पास अब लंबी दूरी से सटीक हमले करने की क्षमता है, और वह इसे इस्तेमाल करने से हिचकेगा नहीं. पाकिस्तान को अब अपने वायु रक्षा तंत्र को दुरुस्त करने, खुफिया जुटाने की पद्धति बदलने और हवाई हमलों की योजना में व्यापक बदलाव करने की आवश्यकता होगी. इस घटना ने सामरिक संतुलन को भारत की ओर झुका दिया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की स्थिति कमजोर की है.

आधुनिक युद्ध में केवल संख्या नहीं, बल्कि तकनीक, खुफिया और समयबद्ध प्रहार निर्णायक होते हैं. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इसका आदर्श उदाहरण है. भारत ने साबित किया कि दुश्मन को चेतावनी देने, उसकी क्षमता घटाने और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब वह हर स्तर पर तैयार है.बहरहाल, यह ऑपरेशन पाकिस्तान के लिए एक चेतावनी और भारत के लिए एक उपलब्धि है, यह दर्शाता है कि अब खेल के नियम बदल चुके हैं, और भारत के पास सिर्फ ढाल नहीं, बल्कि बेहद धारदार तलवार भी है. कुल मिलाकर भारतीय वायु सेना अध्यक्ष का हाल का बयान अत्यंत महत्वपूर्ण है. इससे पता चलता है कि भारत की सैनिक क्षमताएं कितनी मजबूत हैं.

 

 

Next Post

गांगुली ने कोहली और रोहित के वनडे करियर को जारी रखने का समर्थन किया

Mon Aug 11 , 2025
कोलकाता, (वार्ता) पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने भारत के सीमित ओवरों के दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों पर आज टिप्पणी की। हाल की रिपोर्टों में कहा गया था कि ऑस्ट्रेलिया में आगामी वनडे सीरीज इस प्रसिद्ध जोड़ी के […]

You May Like

मनोरंजन