ग्वालियर: “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान को जिले में आयोजित करने के लिये विभागवार गतिविधियों का कैलेण्डर तैयार किया गया है। सभी विभागों के अधिकारियों को कैलेण्डर के अनुसार सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के प्रथम चरण में जन जागरण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जिसके तहत 7 से 8 अगस्त तक महिला-बाल विकास एवं एनआरएलएम द्वारा तिरंगा राखी निर्माण, तिरंगा बुनाई, तिरंगा सिलाई का काम किया जायेगा। साथ ही यह राखियां सैन्य बलों के जवानों व पुलिस कर्मियों को पत्र के साथ भेजी जायेंगीं। इसी अवधि में एनआरएलएम से जुड़े स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा बिक्री प्रदर्शनी लगाई जायेगी। साथ ही अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिये हस्ताक्षर भी कराए जायेंगे।
अभियान के द्वितीय चरण में 9 से 10 अगस्त तक पीएचई एवं संबंधित निकायों के सहयोग से धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई, जन सहयोग से जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियों पर हर घर तिरंगा के संबंध में दीवार लेखन और पेयजल – स्वच्छता पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इसमें आम नागरिकों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जायेगी। अभियान के द्वितीय चरण में 11 अगस्त को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एवं नगर निगम के सहयोग से बाइक रैली निकाली जायेगी।
