
रायसेन। रक्षाबंधन पर्व को लेकर रायसेन के गंज बाजार में बुधवार को जबरदस्त भीड़ उमड़ी। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने राखी, मिठाई और अन्य सामान की खरीदारी की, जिससे बाजार गुलजार हो गया। लेकिन भीड़ के कारण बाजार की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। चार पहिया वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाने से आवाजाही बाधित हुई। गंजबाजार, श्रीरामलीला गेट, सागर-भोपाल तिराहा व महामाया चौक पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
शाम करीब 4.30 बजे सागर रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे गुस्साई भीड़ ने कार चालक की पिटाई कर दी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस मौके पर नहीं दिखी।
बसों और ऑटो में भी भारी भीड़ रही, वहीं एक बाइक पर चार-चार लोग सवार देखे गए। फुटपाथ पर वाहन खड़े होने से पैदल राहगीरों को भारी परेशानी हुई। दुकानों के सामने दो व तीन पहिया वाहनों की भरमार से रास्ते और सकरे हो गए।
राखी व्यापारियों ने ट्रैफिक अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। ट्रैफिक प्रभारी लता मालवीय ने कहा कि गुरुवार से स्टॉपर लगवाकर व्यवस्था सुधारी जाएगी।
