महू: लोडिंग वाहनों में ओवरलोड सवारी बैठाकर यात्रियों की जान से खिलवाड़ कर रहे चालकों के खिलाफ महू यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. मंगलवार को जामली के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 12 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई.यह अभियान पुलिस अधीक्षक यांगचेन भूटिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश द्विवेदी और डीएसपी ट्रैफिक नितिन सिंह के मार्गदर्शन में चलाया.
सार्वजनिक यातायात को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से महू यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान टीम ने ओवरलोड सवारियों के साथ चल रहे पिकअप व लोडिंग वाहनों को रोका और उनके दस्तावेजों की जांच की.
जिन वाहनों में बीमा, फिटनेस, परमिट, पीयूसी, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेजों की कमी पाई गई, उनके खिलाफ मौके पर ही चालान बनाए गए. वहीं जिन वाहनों में यात्रियों को खतरनाक तरीके से बैठाया गया था, उन्हें लेकर चालकों को सख्त समझाइश दी गई कि लोडिंग वाहन सिर्फ माल ढोने के लिए होते हैं. सवारी के लिए नहीं. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे वाहन चालक जो भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
