क्वारी-चंबल में बाढ़ के बाद उपनेता प्रतिपक्ष ने सीएम से की मुलाकात, पुनर्वास और ब्रिज ​की जरूरत बताई

भिंड: जिले की अटेर विधानसभा से विधायक और उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर बाढ़ समस्या का स्थायी हल निकालने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपते हुए बताया कि कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद चंबल नदी में हर साल बाढ़ आती है, जिससे अटेर क्षेत्र के दर्जनों गांव प्रभावित होते हैं। इस साल भी चंबल और क्वारी नदी में आई बाढ़ से लगभग तीन दर्जन गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

कटारे ने मांग की कि खेराट से मुकुटपुरा और देवाला होते हुए अटेर तक पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बाढ़ के दौरान आवाजाही बंद न हो। साथ ही ऐसे गांव, जहां हर साल लोग विस्थापित होते हैं, उन्हें स्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाए। क्वारी नदी से मल्लपुरा, महेवा, परा, जवासा, कमई, जनौरा जैसे गांव प्रभावित हैं। वहीं चंबल नदी की बाढ़ का असर खेराट, मुकुटपुरा, देवाला और अटेर समेत अन्य गांवों पर हुआ है, जहां घरों और खेतों में पानी भर चुका है।

कटारे ने बताया कि पिछले साल बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए अभी तक ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि इस बार फिर वही स्थिति बनी है, इसलिए बिना सर्वे के किसानों को तत्काल 100% मुआवजा राशि दी जाए।कटारे ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के चारे, राशन और स्वास्थ्य सेवाओं की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार उपलब्ध कराया जाए।सरकार से तत्काल राहत कार्य शुरू करने की अपील : उपनेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रशासन को मुआवजे के इंतजार की बजाय सीधे राहत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि बाढ़ का स्थायी हल निकालने के लिए उच्च स्तर पर कार्य योजना बनाकर उसे जल्द लागू किया जाए।

Next Post

खेलो बढ़ो अभियान के तहत नारायणगंज के 200 छात्र-छात्राओं ने किया जिला खेल अधोसंरचना का अवलोकन

Sat Aug 2 , 2025
मंडला: खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित “खेलो बढ़ो” अभियान के तहत विकासखंड नारायणगंज के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं को जिला मुख्यालय स्थित विभागीय खेल अधोसंरचना का शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक भ्रमण कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को खेलों की महत्ता से परिचित कराना और उनमें […]

You May Like