इंदौर: ओंकारेश्वर से जल लेकर उज्जैन जा रहे कावड़ यात्रियों को बुधवार एक तेज रफ्तार आयशर वाहन ने चपेट में ले लिया. हादसे में एक कावड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. इनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है.हादसा खंडवा रोड स्थित चोरल और ग्वालू के बीच कटीघाटी क्षेत्र में हुआ. सभी घायल और मृतक इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित राज नगर और नगीन नगर के निवासी हैं।
मृतक की पहचान आदर्श के रूप में हुई है, वहीं गंभीर रूप से घायल ध्रुव को एमवाय अस्पताल में आईसीयू में भर्ती किया है. बाकी पांच घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अफसर एमवाय अस्पताल पहुंचे. वहां घायलों के इलाज के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है.
मामले में डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि “घटना के बाद से आयशर वाहन का चालक फरार है. वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. चूंकि मामला धार्मिक यात्रा से जुड़े श्रद्धालुओं का है, इसलिए पूरे मामले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. आसपास के थानों को भी अलर्ट किया है. पुलिस फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी है, वहीं घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह का तनाव न पनपे.
श्रावण महीने में इंदौर से ओंकारेश्वर और खंडवा की ओर कांवड़ यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकलते हैं. इसी को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने खंडवा रोड पर सुबह 8 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. दूध, गैस, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसे जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे, जबकि ट्रक जैसे भारी मालवाहक वाहन वैकल्पिक मार्ग यानी एबी रोड होते हुए सनावद की ओर भेजे जाएंगे
