
बुधनी. थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ऊंचाखेड़ा के पास महाराष्ट्र के अमरावती से उज्जैन महाकाल दर्शन करने जा रहे यात्री सड़क हादसे का शिकार हो गए.
बुधनी के नजदीक ग्राम ऊंचाखेड़ा के पास रोड़ पर टवेरा वाहन पलट गया.लोगों ने घटना की जानकारी डायल 100 को दी सभी घायल लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया. घटना बुधवार सुबह करीब 11.45 के आसपास की बताई जाती है. हादसे के बाद एक स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर डायल 100 मौके पर पहुंची. सभी घायलों को सिविल अस्पताल भेजा. जिसमे तीन महिलाएं गंभीर घायल हैं. मामले में पुलिस जांच कर रही है, सभी यात्री महाराष्ट्र के अमरावती वरुढ़ के रहने वाले हैं.
टवेरा कार सड़क से नीचे तीन पलटी खाकर सीधी हो गई थी. इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. जिसमें आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला. हादसे में गंभीर घायलों में 60 वर्षीय गीताबाई पत्नी देवीदास निवासी नागझिरी तहसील वरुढ़ जिला अमरावती, 22 वर्षीय तासी विनोद पांचपुर पुत्री विनोद, 70 वर्षीय इंदुबाई पत्नी रामदास निवासी इनापुर तहसील मोरसी जिला अमरावती, 60 वर्षीय शीला राउत पत्नी ओमकार राउत, निवासी वरुढ़ जिला अमरावती, 65 वर्षीय इंदुबाई पत्नी प्रहलाद राव, निवासी नागझिरी जिला अमरावती महाराष्ट्र शामिल हैं. बाकी अन्य 6 लोगों को मामूली चोट आई है.
