शिवपुरी: शिवपुरी के विधायक देवेंद्र जैन ने टाइगर के शिकार मामले को विधानसभा में उठाया है। उन्होंने कहा कि उनके विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि अटल सागर बांध (मड़ीखेड़ा क्षेत्र) में महीनों पहले एक टाइगर का शिकार हो गया है, लेकिन पार्क प्रबंधन ने यह बात छुपा ली। विधायक ने सरकार से दस्तावेज और स्पष्ट जवाब की मांग की है। गौरतलब है कि माधव टाइगर रिजर्व की बाघिन कई महीने से लापता है।
अंतर्राज्यीय शिकारी गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार भी किया गया है। शिवपुरी विधायक का आरोप है कि वन विभाग जानकारी छिपा रहा है।शिवपुरी जिले में टाइगर और अन्य वन्यजीवों के अवैध शिकार को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने पटेल चौक पडोरा से सौजीराम मोंगिया को गिरफ्तार किया है, जो नरवर तहसील के ग्राम भीमपुर का रहने वाला है।
सौजीराम अंतरराज्यीय शिकारी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसे स्पेशल कोर्ट में पेश कर फॉरेस्ट रिमांड पर भेजा गया है।इस गिरोह की गिरफ्तारी के बाद वन विभाग को भी आशंका है कि यह माधव टाइगर रिजर्व में सक्रिय रहा है। खासतौर पर तब, जब पार्क की मादा टाइगर एमटी-1 बीते कुछ महीनों से लापता है। वन विभाग हाथियों की मदद से उसकी तलाश कर रहा है।
