शोभापुर। मध्यप्रदेश में चल रही मूंग खरीदी व्यवस्था ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। सुहागपुर तहसील के शोभापुर-भटगांव मार्ग पर स्थित गणेश वेयरहाउस पर चल रही खरीदी के चलते प्रतिदिन भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। किसानों को फसल तुलवाने के लिए पहले रिश्वत देकर स्टॉल बुकिंग करनी पड़ती है, फिर वे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घंटों-हफ्तों तक सड़क पर इंतजार करते हैं। इसके कारण स्कूल बसें जाम में फंसती हैं और बच्चे समय पर स्कूल या घर नहीं पहुंच पाते। कई बार एंबुलेंस भी फंसी देखी गई है। जबकि नियम अनुसार वेयरहाउस संचालकों को पार्किंग व्यवस्था करनी चाहिए। स्थिति यह है कि हजारों ट्रैक्टरों के बीच मात्र एक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर दिखता है। ग्रामवासियों ने पुलिस बल बढ़ाने की मांग की है। एसडीओपी संजू चौहान ने आश्वासन दिया है कि जल्द व्यवस्था सुधारी जाएगी ताकि आने वाले दिनों में समस्या विकराल रूप न ले सके।
