दक्षिण अफ्रीका को तीन रन से हराकर न्यूजीलैंड ने जीता त्रिकोणीय श्रृंखला का खिताब

हरारे, 26 जुलाई (वार्ता) डेवोन कॉन्वे और रचिन रविंद्र (47-47) रनों की शानदार पारियों के बाद आखिरी ओवर में मैट हेनरी (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने शनिवार को टी-20 त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को तीन रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए लुआन-द्रे प्रेटोरियस और रीजा हेंड्रिक्स की सलामी जोड़ी अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 92 रन जोड़े। 10वें ओवर में माइकल ब्रेसवेल ने लुआन द्रे प्रेटोरियस को टिम सीफर्ट के हाथों स्टंप आउट कराकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। लुआन द्रे प्रेटोरियस ने 35 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से (51) रनों की पारी खेली।

13वें ओवर में जैकरी फॉक्स ने रीजा हेंड्रिक्स 31 गेंदों में (37) को अपना शिकार बना लिया। हेंड्रिक्स ने अपनी पारी में चार छक्के लगाये। 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान रासी वान डेर डुसेन (18) को एडम मिल्ने ने आउटकर न्यूजीलैंड को तीसरी सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जेकब डफी ने रूबिन हरमन (11) को आउटकर दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदों को झटका दिया।

मैच के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर मैट हेनरी ने डेवाल्ड ब्रेविस 16 गेंदों में (31) को आउट कर एक बार फिर से मैच को न्यूजीलैंड के पक्ष में कर दिया। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर हेनरी ने जॉर्ज लिंडे (10) को आउट कर मैच को और रोमांचक बना दिया। मैच की आखिरी गेंद पर चार रन की दरकार थी और हेनरी ने उसे खाली निकाल कर न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका पर तीन रनों से रोमांचक जीत दिला दी। दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 177 रन ही बना सकी।

न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 19 रन देकर दो विकेट लिये। जेकब डफी, जैकरी फॉक्स,मिल्नेऔर माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। नौवें ओवर में सेनुरन मुथुसामी ने टिम सीफर्ट (30) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद 12वें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने कॉन्वे को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को दूसरी सफलता दिलाई। कॉन्वे ने 31 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से (47) रनों की पारी खेली। मार्क चैपमैन (तीन) भी लुंगी एन्गिडी का शिकार बने।

रचिन रविंद्र ने 27 गेंदों में चार चौके और दाे छक्के लगाते हुए (47) रन बनाये। माइकल ब्रेसवेल 15 रन बनाकर पांचवें विकेट के रूप में आउट किये। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 180 रनों का स्कोर खड़ा किया।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एन्गिडी ने दो विकेट लिये। नांद्रे बर्गर और वेना मफाका और सेनुरन मुथुसामी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

श्री पुण्यकालेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकली

Sat Jul 26 , 2025
विदिशा, श्रावण मास के पावन अवसर पर विदिशा नगरी एक बार फिर भक्ति एवं शिव प्रेम में डूबी नजर आई. बेतवा नदी के पवित्र तट पर स्थित बाढ़ वाले घाट से अयोध्या नगर स्थित शिवधाम मंदिर तक श्री पुण्यकालेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकाली गई.यह ऐतिहासिक धार्मिक यात्रा श्रद्धा, […]

You May Like