
विदिशा, श्रावण मास के पावन अवसर पर विदिशा नगरी एक बार फिर भक्ति एवं शिव प्रेम में डूबी नजर आई. बेतवा नदी के पवित्र तट पर स्थित बाढ़ वाले घाट से अयोध्या नगर स्थित शिवधाम मंदिर तक श्री पुण्यकालेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकाली गई.यह ऐतिहासिक धार्मिक यात्रा श्रद्धा, आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम बन गई।शनिवार को सवारी का शुभारंभ दोपहर 12 बजे बेतवा नदी पर भगवान भोलेनाथ के पावन अभिषेक के साथ हुआ, जिसके पश्चात भगवान को सुसज्जित पालकी में विराजमान किया गया। डमरू, ढोल, नगाड़े, मंजीरे और भक्तों के भजन-कीर्तन की गूंज के बीच हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष ने सम्पूर्ण नगर को शिवमय बना दिया.
सवारी रामलीला चौराहा, राजपूत धर्मशाला से होते हुए अयोध्या नगर स्थित श्री पुण्यकालेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंची। पालकी को अपने कंधों पर लेकर चलने का सौभाग्य रेल सलाहकार समिति के सदस्य एवं मंदिर व्यवस्थापक कमलेश सेन सहित कई श्रद्धालुओं को मिला.समापन अयोध्या नगर स्थित शिवधाम मंदिर में भगवान की आरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस आयोजन में प्रमुख रूप से पूर्व वित्त मंत्री राघवजी भाई, सनातन हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी, पार्षद प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत, पार्षद नवीन दांगी, मनीषा राजपूत, पूर्व पार्षद नवनीत कुशवाहा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
