नयी दिल्ली/ बेंगलुरु, 26 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन में तैनात राज्य सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई बहस के बाद मारपीट होने की खबर सामने आयी है।
उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के विशेष अधिकारी एच. अंजनेया ने सहायक स्थानीय आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के विशेष अधिकारी सी. मोहन कुमार पर जूते से उन पर हमला करने का आरोप लगाया है।
यह घटना नयी दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन के कार्यालय परिसर में घटी और तब प्रकाश में आयी, जब श्री अंजनेया ने स्थानीय आयुक्त इमकोंगला जमीर के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए श्री कुमार के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की।
श्री अंजनेया ने अपनी शिकायत में कहा, “ मुझे जूते से पीटा गया और इससे मेरे सम्मान एवं गरिमा को ठेस पहुंची है। आरोपी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाया जाये और मुझे न्याय दिलाया जाये।”
उन्होंने कार्यस्थल पर अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की।सुश्री जमीर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की और कहा कि मामले पर मानक प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “ हमें शिकायत प्राप्त हुई है और उचित प्रक्रिया का पालन किया जायेगा।”
श्री अंजनेया ने अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि श्री कुमार ने सुनियोजित तरीके से उनके काम में बाधा उत्पन्न की और वैमनस्यपूर्ण कार्य माहौल तैयार किया। शिकायत में लिखा गया कि “कुमार ने मुझे कार्यालय कक्ष में सबके सामने जूते से मारने की धमकी दी।”
श्री अंजनेया ने बताया कि उन्होंने पहले भी कर्नाटक भवन से स्थानांतरण का अनुरोध किया था, जिससे ऐसे टकरावों से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी “अगर कोई दुर्घटना होती है, तो इसके लिए कुमार ज़िम्मेदार होंगे।”
शिकायत में श्री कुमार के कथित पूर्व कदाचार का भी उल्लेख किया गया है और उम्मीद है कि स्थानीय आयुक्त कार्यालय इस मामले की जांच शुरू करेगा।यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री शिवकुमार कर्नाटक में प्रमुख राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं, जिसमें हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित एआईसीसी ओबीसी सलाहकार परिषद की बैठक भी शामिल है।

