बेरूत/यरूशलम, 25 जुलाई (वार्ता) इज़रायली जंगी जहाजों और ड्रोनों ने गुरुवार को दक्षिणी लेबनान में कई हवाई हमलों को अंजाम दिया जिसमें हिज़्बुल्लाह के एक आतंकी की मौत हो गई।
लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण लेबनान के बिंत जेबिल जिले में एक वाहन पर हुए ड्रोन हमले में मुस्तफा हरीसी नाम का व्यक्ति मारा गया। इसके अलावा इज़रायली युद्धक विमानों ने दक्षिणी लेबनान के इलाकों में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर लगभग 12 हवाई हमले किए।
इज़राइली सेना के प्रवक्ता ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उस इलाके में हिज़्बुल्लाह की गतिविधियां, इज़रायल और लेबनान के बीच हुए समझौतों का घोर उल्लंघन हैं और इजरायली सेना किसी भी खतरे को दूर करने के लिए अपनी कार्रवाई जारी रखेगी।
गौरतलब है कि अमेरिका और फ्रांस की मध्यस्थता से हिज़्बुल्लाह और इज़रायल के बीच पिछले साल नवंबर के अंत से एक युद्धविराम समझौता लागू है। इस समझौते के बावजूद, इज़राइली सेना कभी-कभी सुरक्षा कारणों से लेबनान में हमले कर देती है।
इस बीच, लेबनानी सेना ने गुरुवार को इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादी समूह समर्थक एक अन्य आतंकी समूह से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
सेना के एक बयान के अनुसार इस समूह को विदेश में मौजूद आईएस आतंकवादियों से लेबनानी सेना के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश मिल रहे थे। इस समूह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

