तमिलनाडु के मतदाता भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले ईपीएस को देंगे अंतिम विदाई : स्टालिन

चेन्नई, 16 जुलाई (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने बुधवार को अन्नाद्रमुक पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से लगातार 10 चुनावों में हार का सामना करने के बाद, तमिलनाडु के लोग 2026 के चुनाव में अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी (ईपीएस) को अंतिम विदाई देंगे।

मुख्य विपक्षी दल के नेता पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा “आपने 2021 के विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक की हार के लिए भाजपा के साथ गठबंधन को जिम्मेदार ठहराया है और आपकी पार्टी के लोगों ने भी इसे खुले तौर पर स्वीकार किया है।”

श्री स्टालिन ने मयिलादुथुराई में विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने और पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक सरकारी समारोह में कहा“ फिर भी, अब आप उसी भाजपा के साथ गठबंधन कर चुके हैं। दिल्ली के साथ कपटपूर्ण खेल में उलझकर, आपने अपने परिवार को बचाने के लिए पार्टी को करोड़ों सदस्यों के साथ गिरवी रख दिया है।”

उन्होंने पूछा “जब आपके अपने अन्नाद्रमुक कार्यकर्ता ही आप पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं, तो तमिलनाडु के लोग आप पर कैसे विश्वास करेंगे? ”और कहा कि लोग निराश होने को तैयार नहीं हैं।

“यह आपके बस की बात नहीं है। आप उस स्तर के नहीं हैं।” श्री स्टालिन ने एक तमिल फिल्म के एक लोकप्रिय हास्य दृश्य को याद करते हुए कहा कि लोगों ने ईपीएस को त्यागने का फैसला कर लिया है।

मुख्यमंत्री ने तर्क दिया कि इसलिए, हताशा में विपक्षी नेता सरकार पर गालियां देकर और महिलाओं पर यह आरोप लगाकर एक झूठा विमर्श गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें द्रमुक सरकार की प्रमुख योजना, महिला गृहणियों के लिए 1000 रुपये प्रति माह की योजना के ज़रिए मूर्ख बनाया गया है।

ईपीएस पर डीएमके सरकार के कार्यक्रमों के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा “यह वास्तव में एक प्रचार है क्योंकि वह जनता को राज्य भर में चल रहे जनसंपर्क अभियान ‘उंगलुदन स्टालिन’ (स्टालिन विद यू) और अन्य पहलों के तहत 10,000 शिविरों में उपलब्ध सभी सेवाओं से अवगत कराते हैं।”

उन्होंने कहा “ भाजपा ने जनता को नहीं, बल्कि आपको मूर्ख बनाया है। मीडिया की नज़रों से बचने के लिए चार बार अपनी गाड़ियां बदलकर आपने अपने परिवार को छापों से बचाने के लिए दिल्ली में अमित शाह के दरवाज़े खटखटाए। और बिना किसी शर्म के आप पूछते हैं कि शाह के दरवाज़े खटखटाने में क्या गलत है। लोगों को विश्वास है कि स्टालिन अपने निजी फ़ायदे के लिए किसी भी विदेशी ताकत को तमिलनाडु में कभी नहीं आने देंगे, बल्कि उसे रोकेंगे।”

भाजपा पर अपना गुस्सा ज़ाहिर करते हुए उन्होंने पूछा कि मोदी सरकार ने पिछले 10 सालों में श्रीलंका को सौंपे गए रणनीतिक पाक जलडमरूमध्य के छोटे से बंजर टापू कच्चातीवु को वापस पाने के लिए क्या किया, सिवाय राजनीतिक फ़ायदे के। उन्होंने आगे कहा कि सरकार को मछुआरों के कल्याण की कोई चिंता नहीं है और उसने द्वीपीय देश की नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की लगातार गिरफ़्तारी को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

 

 

Next Post

राहुल ने हिमंत पर साधा निशाना , भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जाने की भविष्यवाणी की

Wed Jul 16 , 2025
गुवाहाटी 16 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर तमकर निशाना साधा और उन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों में उनके जेल जाने की भविष्यवाणी की। श्री गांधी ने […]

You May Like