राहुल ने हिमंत पर साधा निशाना , भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जाने की भविष्यवाणी की

गुवाहाटी 16 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर तमकर निशाना साधा और उन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों में उनके जेल जाने की भविष्यवाणी की।

श्री गांधी ने आज यहां आज चायगांव में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री शर्मा ने एक निर्वाचित मुख्यमंत्री की भूमिका त्याग दी है और इसके बजाय कॉर्पोरेट दिग्गजों के हितों की सेवा करने वाले सम्राट की तरह काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा “यहां के मुख्यमंत्री खुद को एक जनसेवक नहीं, बल्कि असम के राजा के रूप में देखते हैं और यह राजा चौबीसों घंटे आपका पैसा तथा जमीन अंबानी या अडानी को सौंपने में लगा रहता है।” उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आयी तो जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करेगी तथा मुख्यमंत्री को जल्द ही कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा “अगर आप उन्हें टीवी पर सुनेंगे, तो आपको उनकी आवाज में डर साफ सुनाई देगा। वह ऊंची आवाज़ में बोलते हैं, लेकिन यह सिर्फ एक बहाना है। उन्हें पता है कि उनका समय आ गया है। कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल भेज देंगे। कोई भी यहां तक कि मोदी या अमित शाह भी उन्हें उनके भ्रष्टाचार के परिणामों से नहीं बचा पाएंगे।”

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, “आप हमारी रीढ़ हैं। कांग्रेस की विचारधारा आपके डीएनए में है। देश में विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है – एक जो बांटना चाहती है, और दूसरी हमारी जो एकजुट करना चाहती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस असम में सत्ता में वापसी की राह पर है और इसके लिए उन्होंने सांसद गौरव गोगोई सहित प्रदेश के नवनियुक्त नेताओं के काम को श्रेय दिया। उन्होंने कहा “हमने एक नयी टीम बनाई है। गौरव और अन्य ने काम शुरू कर दिया है। असम में जल्द ही नतीजे दिखेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी चुनावों की रणनीति बनाने के लिए राज्य के सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठकें कीं।

इस बीच श्री शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया में श्री गांधी की टिप्पणी को खारिज कर दिया और कांग्रेस नेता के चल रहे कानूनी मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा “लिखकर लीजिए, हिमंत विश्व शर्मा को निश्चित रूप से जेल भेजा जाएगा ,असम में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के साथ बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान विपक्ष के नेता श्री गांधी ने भी यही शब्द कहे थे।”

उन्होंने आगे कहा , “वह सिर्फ यही कहने के लिए असम आए, जबकि उन्होंने इस बात को आसानी से नज़रअंदाज कर दिया कि वह खुद कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं। राहुल जी, आपको मेरी शुभकामनाएं। जब तक आप यहां हैं, असम के आतिथ्य का आनंद लीजिए।”

 

 

 

Next Post

यूपी की सोनाली ने आल इंडिया सीनियर बैडमिंटन मे जीता कांस्य

Wed Jul 16 , 2025
लखनऊ, 16 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश की उभरती हुई बैडमिंटन खिलाड़ी सोनाली सिंह ने राष्ट्रीय सर्किट पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आठ से 15 जुलाई तक भुवनेश्वर में आयोजित प्रतिष्ठित योनेक्स-सनराइज ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट में महिला युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। उन्होने अपनी जोड़ीदार […]

You May Like