बंगाल में समोसे और जलेबी पर नहीं लगेगा प्रतिबंध : ममता

कोलकाता 15 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार समोसे और जलेबी के सेवन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगी।

सुश्री बनर्जी ने यह टिप्पणी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी उस सलाह के परिप्रेक्ष्य में की , जिसमें सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों से समोसे, कचौड़ी, पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज़, सॉफ्ट ड्रिंक, गुलाब जामुन और वड़ा पाव जैसे लोकप्रिय स्नैक्स में चीनी और तेल की मात्रा बताने वाले डिस्प्ले बोर्ड लगाने का आग्रह किया गया है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों के आधार पर अब से समोसे/जलेबी नहीं खाए जा सकते। यह पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से कोई अधिसूचना नहीं है। हम हर मामले में हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं। हम इसे लागू नहीं करेंगे। मुझे लगता है कि समोसे और जलेबी दूसरे राज्यों में भी लोकप्रिय हैं। उन राज्यों के लोग भी इन खाद्य पदार्थों को पसंद करते हैं। हमें लोगों की खान-पान की आदतों में दखल नहीं देना चाहिए।”

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह की आलोचना करते हुए इसे ‘फतवा’ बताया और पश्चिम बंगाल में इसका पालन करने से इनकार करने की बात दोहरायी। उन्होंने कहा , “केंद्र की नजर समोसे और जलेबी पर है। विभिन्न रूपों में फतवे जारी किए जा रहे हैं। ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में ऐसे फतवे स्वीकार नहीं किए जाएंगे।”

स्वास्थ्य मंत्रालय ने दैनिक आधार पर स्वस्थ विकल्पों पर जोर देने के लिए लेटरहेड, नोटपैड, लिफाफे और प्रकाशनों जैसी आधिकारिक सामग्रियों पर स्वास्थ्य संदेश छापने की भी सिफारिश की थी। मंत्रालय ने हालांकि स्पष्ट किया कि ऐसे स्नैक्स पर खाद्य लेबल लगाने का कोई आदेश नहीं है तथा इस परामर्श का उद्देश्य कार्यस्थलों पर कैंटीन, कैफ़ेटेरिया और मीटिंग रूम जैसे सार्वजनिक क्षेत्रों में लगाए गए तेल और चीनी बोर्ड के माध्यम से स्वस्थ खान-पान की आदतों को प्रोत्साहित करना है।

Next Post

राशिफल-पंचांग : 16 जुलाई 2025

Wed Jul 16 , 2025
पंचांग 16 जुलाई 2025:- रा.मि. 25 संवत् 2082 श्रावण कृष्ण षष्ठी बुधवासरे रात 8/0, पूर्वाभाद्रपद नक्षत्रे प्रात: 5/52 तदुपरि उत्तराभाद्रपद नक्षत्रे रातअंत 4/47 शोभान योगे दिन 12/43, गर करणे सू.उ. 5/17 सू.अ. 6/43, चन्द्रचार मीन, शु.रा. 12,2,3,6,7,10 अ.रा. 1,4,5,8,9,11 शुभांक- 5,7,1. ————————————————- आज जिनका जन्म दिन है- उनका आगामी वर्ष: […]

You May Like