
सिंगरौली। सावन मास के प्रथम सोमवार को आज ऊर्जाधानी के शिवालयों में सुबह से ही शिवभक्त जल चढ़ाने के लिए उमड़ पड़े। बेल पत्र, धतुरा, फूल, अक्षत चढ़ाकर माथा टेका और वांछित फल के लिए भगवान शिव जी से प्रार्थना की। हर-हर महादेय के उद्घोष से शिवालय गूंज उठी। वही कावरियां भी बोल बम-बोल बम के उद्घोष के साथ बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुये।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार के उपलक्ष्य में शिवधाम मंदिर बैढ़न में मंदिर के महाप्रबंधक ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र के सानिध्य में अनेकानेक भक्तजनों द्वारा भूतभावन भोलेनाथ महामृत्युंजय भगवान की पूजा अर्चना एवं कई भक्तों द्वारा सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया गया। शाम महिला भक्तजनों द्वारा भजन कीर्तन किया गया। ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र के अनुसार श्रावण मास में गगन से झरते अमृत तुल्य जलकणों के संग-संग धरती पर शिव भक्ति की पावन धारा भी प्रवाहित होती है। यह मास स्वयं में भगवान शिव के करुणामय, सौम्य और वात्सल्य से परिपूर्ण स्वरूप को सजीव कर देता है। श्रावण के सोमवार, शिव आराधना के अमूल्य रत्न हैं, जिन पर श्रद्धा का दीप प्रज्वलित कर व्यक्ति अपने जीवन की समस्त बाधाओं से मुक्ति का पथ प्रशस्त करता है। इधर आज सावन सोमवार के अवसर पर शिव मंदिरों में भक्तो की अपार भीड़ उमड़ी थी। वही शिव भक्त अपने घरो व मंदिरों में महामृत्युंजय जप मंत्र का जाप एवं अभिषेक भी करा रहे हैं।
