
उज्जैन। रात में लव मैरिज करने वाली युवती कमरे में फंदे पर लटकी मिली। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने चामुंडा माता चौराहा पर शव चक्काजाम किया। आरोप था कि हत्या की गई है। पुलिस के द्वारा जांच का आश्वासन दिया गया उसके बाद जाम खुला।
दमदमा स्थित राजीव गांधी नगर में रहने वाली डॉली पति प्रदीप उर्फ काला 21 वर्ष रविवार रात मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। ननद प्रिया कमरे में पहुंची तो उसने डॉली को लटका देख परिजनों को बुलाया। मायके वाले जानकारी लगते ही अस्पताल पहुंच गए थे। माधवनगर पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। भाई लकी ने बताया कि 6 माह पहले क्षेत्र में रहने वाले प्रदीप से लव मैरिज की थी। 10 जुलाई को डॉली का फोन आया था उसने बताया था कि पति मारपीट करता है आकर ले जाओ खाना भी नहीं दे रहे हैं। भाई और परिजनों का कहना था कि उसे मरने के बाद फंदे पर लटकाया गया है। उसका शरीर काला पड़ चुका है और बदबू भी आ रही है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने चामुंडा माता चौराहा पर शव रख चक्काजाम कर दिया उनकी मांग थी कि पति और उसके परिवार वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। करीब आधे घंटे तक चौराहा पर जाम लगा रहा। जिसके चलते मार्ग के चारों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचे जांच का आश्वासन दिया और चक्काजाम खुलवाया। माधव नगर थाना प्रभारी राकेश भारती का कहना था कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा।
