स्कूटी पेड़ से टकराई, 14 वर्षीय छात्र की मौत 

अनूपपुर। एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। अनियंत्रित स्कूटी पेड़ से टकरा गई, जिससे किशन कोल नामक छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजन बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने की जिद पर अड़ गए, जिस पर पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। बाद में समझाइश के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंपा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी किशन कोल (14) कक्षा 9वीं का छात्र था। रविवार की रात वह अपने 18 वर्षीय मित्र कपिल कोल के साथ स्कूटी से अनूपपुर आया हुआ था। लौटते समय स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में किशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद तनाव का माहौल

हादसे के बाद जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी की, तो परिजन इसका विरोध करने लगे। उन्होंने बिना पोस्टमार्टम के ही शव अपने साथ ले जाने की जिद की, जिससे कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। परिजनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस द्वारा समझाइश देने और कानूनी प्रक्रिया समझाने के बाद परिजन मान गए।

कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

पुलिस ने किशन की मौत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण स्कूटी की तेज रफ्तार और अनियंत्रण माना जा रहा है। फिलहाल घायल कपिल कोल के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

चार उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों के तबादले

Mon Jul 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों का तबादला किया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से सोमवार को जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के अनुसार, राजस्थान, त्रिपुरा, झारखंड और मद्रास उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के तबादले किए […]

You May Like