ग्वालियर: भितरवार के धूमेश्वर धाम में मंदिरों की कृषि भूमि की नीलामी के विरोध में संभागभर के पुजारियों ने महापंचायत की। इसमें ग्वालियर, डबरा, दतिया, शिवपुरी, नरवर, करेरा और भितरवार इलाके से लगभग 500 से अधिक पुजारी और महंत शामिल हुए। धूमेश्वर धाम के महंत अनिरूद्धवन महाराज के अनुसार पुजारियों ने पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों का ज्ञापन दिया था लेकिन शासन ने मंदिरों की कृषि भूमि की नीलामी की कार्यवाही नहीं रोकी।
प्रशासन का नया नियम 20 बीघा से अधिक जमीन वाले मंदिरों पर लागू होगा। डबरा-भितरवार क्षेत्र में 513 माफी के मंदिर हैं, जिनके पास कुल 3,198 हेक्टेयर जमीन है। इनमें से 35 मंदिरों के पास 4 हेक्टेयर से अधिक भूमि है। नए नियम के तहत तहसीलदार दोनों फसल सीजन के लिए जमीन की नीलामी करेंगे। नीलामी से प्राप्त राशि मंदिर के खाते में जमा की जाएगी।
इस धन का उपयोग जर्जर मंदिरों की मरम्मत में किया जाएगा। पुजारियों का कहना है कि कई मंदिरों की जमीन पर अतिक्रमण है। वे कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। पुजारियों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने नियम में बदलाव नहीं किया तो वे आंदोलन करेंगे।
