सीहोर. सोया चौपाल स्थित एक पेट्रोल पंप से चोरी गए डम्पर को कोतवाली पुलिस ने गुजरात राज्य के गोधरा स्थित एक पेट्रोल पंप से बरामद कर लिया है. संभवत: पुलिस द्वारा लगातार पीछा किए जाने से घबराकर डम्पर चोर पेट्रोल पंप पर ही डम्पर छोड़कर भाग खड़े हुए. शहर की मंडी थाना पुलिस चोरी गए डम्पर को बरामद कर ले आई है.
गौरतलब है कि गत पांच जुलाई की रात सोया चौपाल स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़े डम्पर क्रमांक एमपी 37 7006 को अज्ञात चोर चुरा ले गए थे. उनकी करतूत पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. उक्त डम्पर ग्राम रायपुरा निवासी भाजपा नेता बलवंत मेवाड़ा का था. अगले दिन छह जुलाई को उन्होंने डम्पर चोरी की शिकायत थाना मंडी में की थी. पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें चोर डम्पर को हाईवे से भोपाल नाका होते हुए मुरली अंडरब्रिज से होते हुए मंडी थाने के सामने से ले जाते देखे गए. मंडी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दो टीमों का गठन कर डम्पर चोरों का पीछा करने रवाना कर दिया था. बताया जाता है कि चोरों का लगातार पीछा कर रहे पुलिस अमले को गरोठ के समीप सुराग मिला कि डम्पर श्यामगढ़ की तरफ गया है.
पुलिस की टीम लगातार पीछा करते हुए श्यामगढ़ पहुंची. वहां लगे टोल प्लाजा के कैमरे में डम्पर आठ लेन से राजस्थान की ओर जाता देखा गया. पुलिस लगातार सर्चिंग करते हुए आगे बढ़ रही थी. गुजरात बार्डर पर टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में टोल गोधरा की तरफ जाता देखा गया. पुलिस की दोनों टीमों ने गोधरा में सघनता से डम्पर की तलाश की. नतीजतन एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालात में खड़ा डम्पर उन्हें दिख गया. संभवत: पुलिस के लगातार पीछा करने से घबराकर चोर डम्पर पेट्रोल पंप पर खड़ा कर फरार हो गए थे. हालांकि चोरों ने डम्पर पर लगे रेडियम के पट्टे व अन्य पहचान संबंधी सामान नष्ट कर दिया था. इसके बाद भी पुलिस डम्पर को पहचान गई और उसे जब्त करते हुए सीहोर ले आई जहां डम्पर को मंडी थाने में खड़ा किया गया है. सूत्रों की मानें तो डम्पर के साथ एक कार भी चल रही थी, जिसे सभी टोल प्लाजा के कैमरों में भी देखा गया. संभवत: डम्पर चोरों के साथी कार में सवार थे और जब पुलिस का लगातार बढ़ता दबाव देखा तो वह घबराकर डम्पर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस अधिकारियों की मानें तो आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इससे पूर्व में भी भाजपा विधायक सुदेश राय के भांजे भाजपा नेता राजकुमार जायसवाल रिंकू का डम्पर चोर ले गए थे, जिसे पुलिस तलाश लाई थी, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके थे.
